गाजीपुर। नगर के गोईजीतर मोड़ से गांधी पथ स्थित मथुरा मेडिकल तक निर्मित सीसी सड़क पर लाल दरवाजा के पास पानी रिसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर पालिका परिषद गाजीपुर ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए जांच कराई।
अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद गाजीपुर डॉ. धीरेन्द्र कुमार राय ने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित स्थल पर मोहम्मद जाकिर हुसैन के मकान का पुराना एवं जर्जर पानी कनेक्शन था। इसी जर्जर कनेक्शन से पानी का रिसाव हो रहा था, जिसके कारण सड़क प्रभावित हुई।
नगर पालिका की टीम द्वारा मौके पर सड़क की आवश्यक खुदाई कराकर समस्या की जांच की गई तथा भवन स्वामी को जर्जर कनेक्शन की मरम्मत कराने के लिए निर्देशित किया गया। इसके क्रम में भवन स्वामी मोहम्मद जाकिर हुसैन ने लिखित रूप से कनेक्शन बंद किए जाने की सहमति दी और आगामी दो वर्षों तक उक्त सड़क पर कनेक्शन का कार्य न कराने की बात कही।
नगर पालिका द्वारा उक्त जर्जर कनेक्शन को पूर्ण रूप से बंद करा दिया गया है। साथ ही, कार्रवाई के दौरान क्षतिग्रस्त सड़क के हिस्से का पुनर्निर्माण भी कराया जा रहा है, जिसे आज रात 12 बजे तक पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
नगर पालिका की त्वरित कार्रवाई से सड़क पर पानी रिसाव की समस्या का समाधान होने के साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्से को भी जल्द दुरुस्त किए जाने की कवायद तेज हो गई है।

