गाजीपुर। मेडिकल कॉलेज के पीछे गोराबाजार स्थित ट्रॉमा सेंटर को शीघ्र पूर्ण क्षमता से संचालित करने और यहां मिलने वाली निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं को यथावत बनाए रखने की मांग को लेकर छात्रसंघ प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से ट्रॉमा सेंटर को बंद करने अथवा उसके उपकरण एवं अन्य सामान को किसी दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। छात्र नेताओं का आरोप है कि लगभग 90 प्रतिशत उपकरण पहले ही सीएमओ कार्यालय द्वारा हटाए जा चुके हैं, जिससे सेंटर की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।

इलाज से लेकर जांच और दवाइयां तक निःशुल्क रखने की मांग

छात्रसंघ प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि ट्रॉमा सेंटर को मेडिकल कॉलेज अथवा किसी अन्य विभाग से संबद्ध किए जाने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन इसकी मूल व्यवस्था और स्वरूप में बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि यहां मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श, एक्स-रे, सीटी स्कैन समेत सभी आवश्यक जांच और दवाइयां पूर्णतः निःशुल्क मिलती रहें।

इसके साथ ही ट्रॉमा सेंटर में आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं पर्याप्त स्टाफ की तैनाती कर इसे 24×7 पूर्ण क्षमता के साथ संचालित करने की मांग भी उठाई गई।

ज्ञापन प्राप्त करने के बाद अपर जिलाधिकारी मनीष चौहान ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा, “मैं इसे सक्षम अधिकारी को प्रेषित कर दूंगा।”

छात्र नेताओं ने दी आंदोलन की चेतावनी

इस दौरान छात्र नेता प्रद्युम्न यादव ने कहा कि गाजीपुर की जनता के हित में ट्रॉमा सेंटर का निःशुल्क और पूर्ण क्षमता से संचालन बेहद जरूरी है। इसमें किसी भी प्रकार की कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि भारी जनसंघर्ष के बाद स्थापित किए गए इस ट्रॉमा सेंटर को बंद कराने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

पूर्व महामंत्री सुधांशु तिवारी ने प्रशासन से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मामले में जल्द और स्पष्ट निर्णय लेने की मांग की।

वहीं पूर्व छात्रसंघ महामंत्री पिंटू यादव ने चेतावनी दी कि यदि ट्रॉमा सेंटर की निःशुल्क व्यवस्था में किसी भी प्रकार का परिवर्तन किया गया या इसे बंद करने का प्रयास हुआ, तो छात्रसंघ और जनपद की जनता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में जिला पंचायत सदस्य रेवतीपुर गोविंद यादव, छात्र नेता अखिलेश यादव, विवेक राजभर, रजनीश मिश्रा, बृजेश यादव, ऋषि यादव, अमन प्रधान, राहुल यादव, विकास यादव, राज पाण्डेय, शिवम गुप्ता, दीपक उपाध्याय, सुधांशु तिवारी, प्रद्युम्न यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।