जमानियां। नगर पालिका परिषद मोड़ के पास रविवार की शाम करीब 3:30 बजे शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने आसपास की कई गोमती दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में पूजा सामग्री, अड्डा और फल विक्रेताओं की दुकानें जलकर राख हो गईं। दुकानों में रखा सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व बसपा विधायक प्रत्याशी मोहम्मद परवेज खान अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ नगर पालिका परिषद मोड़ पहुंचे। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और नुकसान का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर घटना की जानकारी दी तथा पीड़ित दुकानदारों को विभागीय स्तर से सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग रखी।

बताया गया कि आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को सामान बचाने का भी मौका नहीं मिल सका। हालांकि, गनीमत रही कि दमकल विभाग की टीम कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से एक बड़ा हादसा टल गया और आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।

हादसे में गोपाल चंद्र पुत्र कमल चंद्र निवासी वार्ड नंबर 19, मोहल्ला सैयदबाड़ा; मोहम्मद इजहार पुत्र इसरार निवासी वार्ड नंबर 6, लोदीपुर; फिरोज राइन पुत्र सलीम राइन निवासी वार्ड नंबर 19, मोहल्ला सैयदबाड़ा; नसीम राइन पुत्र समीउल्लाह उर्फ मामू निवासी वार्ड नंबर 15, बुद्धिपुर तथा हैदर अली पुत्र मोहम्मद हुसैन निवासी वार्ड नंबर 12 की गोमती दुकानों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।

फल और अन्य सामग्री की दुकानों में मौजूद ज्वलनशील सामान के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। हादसे के बाद पीड़ित दुकानदारों के सामने रोजगार और आर्थिक नुकसान की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मामले की जांच कराने तथा प्रभावित दुकानदारों को उचित आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।

 सवाल अब यह है कि शॉर्ट सर्किट की वजह क्या थी और क्या बिजली व्यवस्था की नियमित जांच होती थी? ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन को गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत है।