गाजीपुर। सोमवार को आयोजित जनता दर्शन में अपर जिलाधिकारी वेद सिंह चौहान ने दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें लेकर पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं एडीएम के समक्ष रखीं, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में होना चाहिए, ताकि लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा कर यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि पीड़ितों को वास्तविक राहत मिले।
जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए एडीएम ने प्रभावी कार्रवाई और त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया। प्रशासन की इस पहल से फरियादियों में अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर उम्मीद जगी।

