गाजीपुर। समाजवादी पार्टी सदर विधानसभा की मासिक बैठक रविवार को डॉ. लोहिया-मुलायम सिंह यादव भवन में विधानसभा अध्यक्ष तहसीन अहमद की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन विधानसभा महासचिव अंजनी यादव ने किया।
बैठक का मुख्य आकर्षण समाजवादी महिला सभा की नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव पुनीता सिंह खुशबू का भव्य स्वागत रहा। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर विधायक जै किशुन साहू ने पुनीता सिंह खुशबू को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपकर उनके प्रति विश्वास जताया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में महिला संगठन को नई मजबूती और विस्तार मिलेगा।
विधानसभा अध्यक्ष तहसीन अहमद ने माला एवं पुष्प भेंटकर उनका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि सदर विधानसभा के लिए यह गौरव की बात है कि यहां की नेता को समाजवादी महिला सभा में राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने कहा कि इस नियुक्ति से संगठन को मजबूती मिलने के साथ कार्यकर्ताओं में भी नया उत्साह पैदा होगा।
वहीं, पुनीता सिंह खुशबू ने विधायक, विधानसभा अध्यक्ष, सेक्टर एवं जोनल प्रभारियों, बूथ प्रभारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ उनका स्वागत किया, वह उनके लिए प्रेरणादायी है। वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्य करेंगी।
बैठक में सुभाष यादव, सुजीत साइकिल, अशोक बिंद, पांचू यादव, बाबी चौधरी, रामाशीष शिशु, महेंद्र बिंद, संतोष यादव, बिंदु बाला बिंद, पंकज यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संगठन की मजबूती पर रहा जोर
मासिक बैठक में स्वागत समारोह के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने का संदेश भी दिया गया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। बैठक का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और संगठन को मजबूत करने के संकल्प के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

