मुहम्मदाबाद। गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद की स्वास्थ्य टीमों ने संवेदनशील क्षेत्रों में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। अधीक्षक डॉ. आशीष राय के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों ने सेमरा एवं शेरपुर सहित संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी देने के साथ उपचार और आवश्यक दवाओं का वितरण किया।

स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को बाढ़ के दौरान होने वाली मौसमी बीमारियों, बुखार, सर्दी-जुकाम, त्वचा संबंधी समस्याओं और संक्रमण से बचाव के उपाय बताए। लोगों को साफ पानी पीने, आसपास स्वच्छता बनाए रखने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए जागरूक किया गया।

स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए दो मोबाइल टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रही हैं, जबकि तीन टीमें स्टेटिक रूप से तैनात रहकर मरीजों की जांच और उपचार में जुटी हैं। विभाग का प्रयास है कि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर भी ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य टीमों द्वारा गर्भवती महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांच के साथ हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद से जोड़ा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें समय से बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान आज कुल 583 मरीजों का चिकित्सकीय उपचार किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों की यह सक्रियता बाढ़ की संभावित चुनौती के बीच ग्रामीणों के लिए राहत और भरोसे का संदेश दे रही है।

अभियान में डॉ. असगर अली, जितेंद्र यादव (फार्मासिस्ट), वैभव कुमार (एआरओ), राजकुमार, एएनएम अर्चना बाला, सुनीता, सरोज, आशा संगिनी निर्मला राय, नंदनी राय एवं आशा पूनम सहित स्वास्थ्यकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।