गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कासिमाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी थाना कासिमाबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 326/2026 में वांछित चल रहे थे।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी और चौकी प्रभारी बहादुरगंज उपनिरीक्षक पुष्पेश चन्द्र दुबे अपनी टीम के साथ नसरतपुर/नसरुद्दीनपुर, थाना बरेसर बॉर्डर के पास संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आजाद राजभर उर्फ गूड्डू के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा व जिंदा कारतूस, जबकि रोहित राय उर्फ आदित्य राय के पास से भी .315 बोर का तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
आजाद राजभर उर्फ गूड्डू (22 वर्ष), निवासी ग्राम दुविया, थाना करीमुद्दीनपुर, गाजीपुर।
रोहित राय उर्फ आदित्य राय (26 वर्ष), निवासी ग्राम असावर, थाना करीमुद्दीनपुर, गाजीपुर।
पुलिस के मुताबिक दोनों के खिलाफ कासिमाबाद थाने में दर्ज मु0अ0सं0 326/2026 में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। अवैध असलहा बरामद होने के बाद दोनों के खिलाफ मु0अ0सं0 332/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।
पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार आजाद राजभर के विरुद्ध गाजीपुर व बलिया के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, चोरी, अपहरण, गंभीर आपराधिक धाराओं तथा आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। वहीं रोहित राय के विरुद्ध भी गाजीपुर और बलिया में मारपीट, बलवा, धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक पुष्पेश चन्द्र दुबे, चौकी प्रभारी बहादुरगंज एवं थाना कासिमाबाद पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
कासिमाबाद पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को लेकर सख्त संदेश गया है।

