गाजीपुर। थाना बरेसर क्षेत्र के ग्राम सिपाह में 21 अगस्त 2026 को हुई 26 वर्षीय प्रमोद राजभर की हत्या के मामले में बरेसर पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे/निशानदेही से घटना में प्रयुक्त बांस की लाठी (आला कत्ल) भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, मृतक प्रमोद राजभर के पिता रविन्द्र राजभर की तहरीर पर थाना बरेसर में मु0अ0सं0 169/2026, धारा 103(1), 352 एवं 351(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

 चारों आरोपी गिरफ्तार

मामले के सफल अनावरण के बाद पुलिस ने वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—

मुन्ना राजभर उर्फ राजकुमार, उम्र 47 वर्ष

शिवकुमार राजभर, उम्र 45 वर्ष

बृजेश राजभर, उम्र 22 वर्ष

अंदीप कुमार, उम्र 21 वर्ष

सभी आरोपी ग्राम सिपाह, थाना बरेसर, जनपद गाजीपुर के निवासी बताए गए हैं।

निशानदेही पर मिला आला कत्ल

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मुन्ना राजभर उर्फ राजकुमार की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक अदद बांस की लाठी बरामद की गई है। बरामदगी को पुलिस ने विवेचना में अहम साक्ष्य माना है।

थानाध्यक्ष की टीम ने की गिरफ्तारी

अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थानाध्यक्ष बरेसर श्री ओमप्रकाश ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्या की वारदात का खुलासा होने के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा तेज है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की विवेचना में जुटी है।