सिधौना (गाजीपुर)। सावन माह के अंतिम सोमवार को सिधौना स्थित सिद्धनाथ महादेव धाम श्रद्धा और भक्ति से सराबोर नजर आया। वाराणसी रेंज के डीआईजी वैभव कृष्ण ने सिद्धनाथ धाम पहुंचकर विधि-विधान से भगवान शिव का दर्शन-पूजन और शिवलिंग की आरती की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए पूजन में सीओ सैदपुर शुभम वर्मा और ब्लॉक प्रमुख सैदपुर हीरा यादव भी शामिल रहे।

सावन के अंतिम सोमवार को लेकर सिद्धनाथ धाम को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था। इस दौरान दूरदर्शन कलाकार एवं भजन गायक बीरेंद्र चौबे ने शिव स्तुति और कजरी गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। उनकी प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूमने को मजबूर हो गए।

कार्यक्रम में लीला व्यास शिवाजी मिश्र ने सिद्धनाथ धाम के धार्मिक महात्म्य और महान संत पवहारी बाबा की अलौकिक तपस्या से जुड़े प्रसंगों की जानकारी दी।

रामलीला को बेहतर बनाने का दिया संदेश

डीआईजी वैभव कृष्ण ने काशी रंगमंच कला परिषद सिधौना के अध्यक्ष कृष्णानन्द सिंह से मुलाकात कर रामलीला मंचन को और बेहतर एवं प्रभावशाली बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रामलीला भारतीय लोक संस्कृति की अनमोल धरोहर है और काशी की रामलीला की ख्याति वैश्विक स्तर पर है।

उन्होंने लीला कलाकारों से कहा कि वे मंच पर अपनी भूमिकाओं को जीवंत बनाने के साथ-साथ अपने निजी जीवन में भी सत्य, सदाचार और संस्कारों को अपनाएं। उनके इस संदेश की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

कार्यक्रम में साहित्यकार डॉ. रामजी सिंह बागी ने अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खानपुर थानाध्यक्ष राजीव पांडेय के नेतृत्व में दर्जनभर पुलिसकर्मी तैनात रहे।

इस अवसर पर करुणा शंकर मिश्र, अनुराग सिंह, अखिलेश मिश्र, अनिल सिंह, प्रदीप सिंह, उपेन्द्रनाथ मिश्र, जितेंद्र सिंह, दीपक और रमा प्रकाश मिश्र समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।