गाजीपुर। जिले के विकासखंड सैदपुर की ग्राम पंचायत मिर्जापुर एवं हसनपुर में संचालित अस्थायी गोआश्रय स्थलों के सुचारू संचालन के लिए पात्र एवं अनुभवी एनजीओ, ट्रस्ट, गौ सेवा संस्थाओं, एफपीओ एवं पंजीकृत समितियों से रुचि की अभिव्यक्ति (EOI) आमंत्रित की गई है। दोनों आश्रय स्थलों में वर्तमान में क्रमशः 107 और 58 निराश्रित गोवंश संरक्षित हैं।
चयनित संस्था को गोवंशों के संरक्षण, भरण-पोषण, चारा-पानी, स्वच्छता, टीकाकरण, टैगिंग एवं स्वास्थ्य व्यवस्था की जिम्मेदारी निभानी होगी। साथ ही गोबर एवं गौमूत्र आधारित उत्पादों का प्रबंधन, अभिलेखों का रख-रखाव और ऑनलाइन पोर्टल पर नियमित प्रविष्टि भी करनी होगी।
आवेदन करने वाली संस्था का विधिवत पंजीकृत होना आवश्यक है। गो संरक्षण, पशुपालन अथवा सामाजिक क्षेत्र में अनुभव को प्राथमिकता दी जाएगी। पिछले तीन वर्षों के लेखा परीक्षण प्रतिवेदन, पैन/आयकर/जीएसटी पंजीकरण सहित निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
इच्छुक संस्थाएं अपना प्रस्ताव 26 सितंबर 2026 की शाम 5 बजे तक मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, विकास भवन गाजीपुर के कार्यालय में सीलबंद लिफाफे में “EOI for Operation of Gau Ashray Sthal” अंकित कर जमा कर सकती हैं।
चयन समिति द्वारा प्रस्तावों का परीक्षण किया जाएगा। चयनित संस्था को पशुपालन विभाग के साथ एमओयू करना होगा और निर्धारित शर्तों के अनुसार तीन वर्षों तक गोआश्रय स्थल का संचालन करना होगा। गोवंशों के भरण-पोषण के लिए शासन द्वारा निर्धारित ₹50 प्रति गोवंश प्रतिदिन की दर से भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा। व्यवस्था में कमी मिलने पर संचालन किसी भी समय वापस लिया जा सकता है।

