गाजीपुर। किसानों की आय बढ़ाने और आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को रायफल क्लब सभागार में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में एकीकृत बागवानी विकास मिशन, मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना एवं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की वार्षिक कार्ययोजना को लेकर जिलास्तरीय क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित हुई।

बैठक में जिला उद्यान अधिकारी ने विगत वर्ष में पूर्ण कराए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत करने के साथ चालू वित्तीय वर्ष में मिले लक्ष्यों और उनकी कार्ययोजना की जानकारी दी। एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत नवीन उद्यान रोपण, शाकभाजी, पुष्प एवं मसाला क्षेत्र विस्तार, मधुमक्खी पालन, घेराबंदी, इको लाइट ट्रैप और मचान कार्यक्रम के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।

वहीं मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के तहत फल, सब्जी, मसाला एवं पुष्प क्षेत्र विस्तार के साथ मचान, घेराबंदी, मधुमक्खी पालन, वर्मी बेड और इको लाइट ट्रैप के लक्ष्य तय किए गए। योजनाओं का लाभ प्रथम आवक-प्रथम पावक के आधार पर दिया जाएगा। दोनों योजनाओं में लाभार्थियों की पुनरावृत्ति नहीं होगी।

प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत ड्रिप, मिनी स्प्रिंकलर, माइक्रो स्प्रिंकलर, पोर्टेबल स्प्रिंकलर और रेनगन स्प्रिंकलर के माध्यम से बड़ी संख्या में किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।

सीडीओ आलोक प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित लक्ष्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए और निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी लक्ष्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं।

बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी मंगलेश सिंह, जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार, जिला गन्ना अधिकारी अंगद प्रसाद सिंह, कृषि वैज्ञानिक डॉ. ओमकार सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य महेश सिंह सहित समिति के सदस्य एवं प्रगतिशील किसान अनूप राय, विजयानन्द राय और वीरेन्द्र कुमार राय मौजूद रहे।