गाजीपुर/नंदगंज। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामसभा सबुआ में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय महासचिव पुनीता सिंह खुशबू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने विधिवत गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम का आयोजन किशन गुप्ता की ओर से किया गया।
कार्यक्रम में पहुंचीं सपा नेत्री का स्थानीय लोगों ने आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सबुआ के लोगों से मिले स्नेह और आशीर्वाद के लिए वह हृदय से आभारी हैं। उन्होंने कहा कि जनता का यही विश्वास समाजवादी पार्टी की ताकत है।
भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए पुनीता सिंह खुशबू ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और परिवार का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन तय है और समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की गति तेज होगी। सपा सरकार बनने पर महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीबों के हित में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने महिलाओं को 40 हजार रुपये की सहायता, किसानों को बिजली में राहत और महंगाई पर अंकुश लगाने सहित पार्टी के विभिन्न वादों का उल्लेख किया।
पुनीता सिंह खुशबू ने कहा कि पीडीए की ताकत और जनता के समर्थन से 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प पूरा किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जनता से संवाद करने और लोगों की समस्याओं को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। साथ ही उपस्थित लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को समर्थन देने की अपील की।
इस दौरान सेक्टर प्रभारी खुर्रम अली, जोनल प्रभारी शरीफ खान, यादव महासभा एवं पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक महासभा के जिलाध्यक्ष सुजीत साइकिल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। धार्मिक आयोजन के दौरान गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

