गाजीपुर। नन्दगंज को तहसील का दर्जा देने एवं नगर पंचायत घोषित किए जाने की मांग को लेकर “नन्दगंज तहसील बनाओ, नगर पंचायत बनाओ संघर्ष मोर्चा” ने आंदोलन का ऐलान किया है। संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में 22 सितंबर को सुबह 11 बजे जिला मुख्यालय स्थित सरजू पांडे पार्क में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

संघर्ष मोर्चा का कहना है कि नन्दगंज क्षेत्र लंबे समय से विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के बावजूद तहसील और नगर पंचायत जैसी बुनियादी प्रशासनिक सुविधाओं से वंचित है। क्षेत्र को तहसील का दर्जा मिलने से जहां ग्रामीणों को राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, वहीं नगर पंचायत का दर्जा मिलने से क्षेत्र में नगरीय सुविधाओं और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

मोर्चा ने क्षेत्रवासियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं जनहित से जुड़े लोगों से धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों ने कहा कि नन्दगंज के समग्र विकास और वर्षों पुरानी मांग को मजबूती से शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए यह आंदोलन निर्णायक कदम होगा।

संघर्ष मोर्चा ने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया है, 22 सितंबर को सरजू पांडे पार्क पहुंचें और नन्दगंज को तहसील एवं नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की आवाज को बुलंद करें।