गाजीपुर। थाना कोतवाली पुलिस ने पुलिस अभिरक्षा से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त सुधीर उर्फ ध्रुव पासी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त को मंगलवार रात चौकिया मोड़ ओवरब्रिज के नीचे मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा गया। उसके कब्जे से KTM मोटरसाइकिल (UP-70 FS-7323) बरामद हुई है।

बताया गया कि 29 अगस्त 2026 को जिला कारागार गाजीपुर में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध सुधीर उर्फ ध्रुव पासी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सदर लाया गया था। इसी दौरान वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था। मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के मुताबिक 15 सितंबर की रात चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल से आता दिखाई देने पर उसे रुकने का इशारा किया गया। अभियुक्त ने भागने का प्रयास किया और मोटरसाइकिल मोड़कर तेज गति से ले जाने लगा। इसी दौरान सड़क किनारे रखे डिवाइडर पत्थर से टकराकर गिर गया। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।

गिरने से अभियुक्त के दाहिने पैर में चोट लग गई और खून निकलने लगा। पुलिस ने मानवीय आधार पर उसे प्राथमिक उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। इसके बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सुधीर उर्फ ध्रुव पासी पर गाजीपुर समेत मऊ, आजमगढ़ और सुल्तानपुर में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल 35 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रमोद कुमार सिंह, निरीक्षक देवेन्द्र कुमार मिश्रा और उपनिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार यादव सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।