गाजीपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने 10 सितंबर 2026 को विकासखंड जमनियां के कंपोजिट विद्यालय हेतिमपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे हुए निरीक्षण में विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था, छात्र उपस्थिति और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान विद्यालय में कई खामियां सामने आईं।
निरीक्षण के समय कक्षा 1 से 8 तक पंजीकृत 577 छात्र-छात्राओं में महज 335 उपस्थित, जबकि 242 अनुपस्थित मिले। कम छात्र उपस्थिति के अलावा विद्यालय में एसएमसी पंजिका प्रस्तुत नहीं की गई और शिक्षकों की शिक्षक डायरी भी अद्यतन नहीं मिली।
विद्यालय की रसोई में साफ-सफाई का स्तर संतोषजनक नहीं पाया गया। वहीं बच्चे विद्यालय परिसर में फैलकर भोजन करते मिले। कुछ भवन जर्जर स्थिति में पाए गए, जबकि हैंडवॉश और शौचालयों में भी गंदगी मिली। स्वयं सहायता समूह के माध्यम से ड्रेस सिलवाने के लिए भी अपेक्षित प्रयास नहीं किए जाने की स्थिति सामने आई।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों को शत-प्रतिशत छात्र उपस्थिति सुनिश्चित करने, शिक्षक डायरी एवं शिक्षक संदर्शिका का प्रभावी उपयोग करने और अपेक्षित अधिगम स्तर प्राप्त नहीं कर पा रहे विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों से नियमित संपर्क कर बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।
विद्यालय में मिली कमियों को लेकर प्रधानाध्यापक गणेशदत्त पाण्डेय सहित संबंधित सहायक अध्यापकों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। अधिकारियों को तीन कार्यदिवस के भीतर स्पष्टीकरण और अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में अनुपालन न होने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

