गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को सिद्धार्थ मोटेल में संयुक्त पत्रकार वार्ता आयोजित हुई। इसमें जमानियां विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सिंह, जंगीपुर विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव, सदर विधायक जै किशन साहू और सैदपुर विधायक अंकित भारती ने अपने-अपने क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति, जले ट्रांसफार्मर, जर्जर तार और खराब सड़कों की समस्याएं उठाईं। नेताओं ने प्रदेश सरकार पर जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन होने का आरोप लगाया।

जमानियां विधायक ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि पिछले दस वर्षों से सरकार सड़कों को गड्ढामुक्त करने का दावा कर रही है, लेकिन सड़कें अब भी बदहाल हैं। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और बढ़ती महंगाई को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।

सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने आरोप लगाया कि थाने और तहसील धन उगाही के अड्डे बन गए हैं और फरियादियों को न्याय के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने हर घर जल मिशन और नमामि गंगे योजना में भी अनियमितता का आरोप लगाया।

सदर विधायक जै किशन साहू ने नगर की जर्जर सड़कों और सीवर निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए नगरपालिका पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।

वहीं डॉ. वीरेंद्र यादव और अंकित भारती ने अपने क्षेत्रों में बिजली की अनियमित आपूर्ति और ट्रांसफार्मर बदलने में देरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार के 48 घंटे में ट्रांसफार्मर बदलने के दावे को भी सवालों के घेरे में रखा। जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि जनपद की बिजली, सड़क और अन्य जनसमस्याओं को लेकर जल्द ही जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, जिला उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव, अशोक कुमार बिंद, अमित ठाकुर, अभिनव सिंह, सदानंद यादव, पंकज यादव और जावेद खान सहित अन्य पदाधिकारी मौजू

द रहे।