गाजीपुर। मंडलायुक्त के दिशा-निर्देशन में आरटीओ उदयवीर सिंह मिर्जापुर ने शुक्रवार को गाजीपुर जनपद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परिवहन विभाग के विभिन्न पटलों की गहन जांच-पड़ताल की गई। सभी पटल सुचारू रूप से संचालित पाए गए। एआरटीओ धनवीर यादव ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं से अवगत कराया।

आरटीओ मिर्जापुर ने बताया कि परिवहन विभाग की ओर से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। समय-समय पर चालक वर्ग के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सीएमओ कार्यालय के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिससे वाहन चालकों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाए जाने के मामले में अभिभावकों को अपनी जिम्मेदारी समझने की सलाह दी। कहा कि बच्चों की उम्र और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें वाहन चलाने की अनुमति नहीं देनी चाहिए। परिवहन अधिनियम के नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

वहीं, ओवरलोडिंग के संबंध में आरटीओ उदयवीर सिंह ने बताया कि गाजीपुर एक ट्रांजिट जिला है, जहां दूसरे जिलों से आने वाले वाहन आगे के जिलों की ओर गुजरते हैं। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा नियमित अंतराल पर अभियान चलाकर वाहनों की जांच की जाती है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाती है।