गाजीपुर। उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ जनपद शाखा गाजीपुर द्वारा आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं महासंघ के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए जनहित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर नियमित रूप से रक्तदान करने वाले लोगों को जिलाधिकारी ने स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है, जो जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाता है। समाज के सक्षम लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

डीएम ने कहा कि प्रत्येक कार्य जनहित एवं जनकल्याण की भावना से प्रेरित होना चाहिए। विकास कार्य केवल औपचारिकता तक सीमित न रहें, बल्कि जनता की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किए जाएं। विकास की सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

बाढ़ की समस्या पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों के लिए ऐसी ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे बाढ़ के प्रभाव को न्यूनतम किया जा सके। संवेदनशील क्षेत्रों का चिन्हांकन, जल निकासी की बेहतर व्यवस्था, आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का विकास तथा स्थायी बाढ़रोधी उपायों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि जनपद के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। सड़क, पुल, नाली, जल निकासी, सिंचाई एवं अन्य निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और स्थायित्व को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाएं तैयार हों और सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं।

कार्यक्रम में महासंघ के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।