गाजीपुर। राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय, गाजीपुर में इंटर्नशिप स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलनरत इंटर्न एवं छात्रों से मंगलवार को उपजिलाधिकारी सदर ने महाविद्यालय परिसर में वार्ता की। एसडीएम सदर ने छात्रों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा उन्हें आश्वस्त किया कि स्टाइपेंड वृद्धि से संबंधित मांग को नियमानुसार सक्षम स्तर तक पहुंचाया जाएगा।
वार्ता के दौरान छात्रों ने इंटर्नशिप के दौरान मिलने वाले स्टाइपेंड में वृद्धि की आवश्यकता बताते हुए अपनी विभिन्न समस्याएं एसडीएम के समक्ष रखीं। उपजिलाधिकारी ने उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस बीच महाविद्यालय में मरीजों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं की भी जानकारी ली गई। प्रशासन के अनुसार राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय की ओपीडी नियमित रूप से संचालित हो रही है। चिकित्सकों द्वारा मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया जा रहा है और ओपीडी में मरीजों के आवागमन अथवा उपचार में किसी प्रकार की रोक-टोक या बाधा नहीं है।
उपजिलाधिकारी ने महाविद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि मरीजों को चिकित्सा सुविधाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही परिसर में शांति एवं सामान्य व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। वार्ता के बाद चिकित्सा सेवाओं के सुचारू संचालन को लेकर स्थिति सामान्य बनी हुई है।

