गाजीपुर। आगामी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अंतरविभागीय बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्टांप एवं न्यायालय शुल्क तथा पंजीयन विभाग एवं जनपद प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने की। उन्होंने अभियान को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई। इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा काल में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों, नीतिगत सुधारों और विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।
प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की अद्यतन सूची तैयार करने के साथ पिछले नौ वर्षों में जिले में हुए विकास कार्यों का विवरण, फोटो, वीडियो और सफलता की कहानियां संकलित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से विकास कार्यों एवं लाभार्थियों के ‘पहले और बाद’ के बदलाव को अभियान में प्रदर्शित करने पर जोर दिया।
सीडीओ आलोक प्रसाद ने बताया कि अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर-सेवाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवा महाकुंभ’ सहित 13 प्रमुख कार्यक्रम होंगे।
17 सितम्बर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत शाम सात बजे दीप प्रज्वलन कराया जाएगा। प्रमुख परियोजनाओं, स्थलों, सरकारी भवनों और स्मारकों को भी दीपों से सजाया जाएगा। मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर, दिव्यांगजनों को उपकरण तथा उद्यम विभाग के लाभार्थियों को टूल किट वितरित किए जाएंगे।
प्रभारी मंत्री ने लोगों को स्वच्छता, नदी-घाटों की सफाई, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, नशामुक्ति और मतदाता जागरूकता जैसी 25 सेवा गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए। एनसीसी द्वारा मानव श्रृंखला, बच्चों की प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, अखंड ज्योति यात्रा तथा स्टार्टअप को प्रोत्साहन जैसे कार्यक्रम भी होंगे।
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विकासखंड और विधानसभा स्तर पर बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे, जहां सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन, पात्रता सत्यापन और यथासंभव मौके पर स्वीकृति की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि अभियान को केवल औपचारिक आयोजनों तक सीमित न रखकर ग्राम पंचायत से नगरीय क्षेत्र तक व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने और प्रतिदिन की प्रगति निर्धारित माध्यम पर दर्ज करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने सरकारी भवनों, स्मारकों और गो-आश्रय स्थलों की अभियान से पहले विशेष साफ-सफाई कराने के साथ अनाथालयों और वृद्धाश्रमों में सेवा गतिविधियां संचालित करने पर भी जोर दिया। विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर जनप्रतिनिधियों, युवाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी, एनएसएस और माई भारत वॉलंटियर्स की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अभियान का सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।


