गाजीपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज 5.0” अभियान के तहत गाजीपुर पुलिस ने जनपदभर में व्यापक जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर आमजन, महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

पुलिस बल ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।

एंटी रोमियो टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों में की चेकिंग

मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में गठित एंटी रोमियो टीमों ने भी संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा में बाधा डालने वाले तथा सार्वजनिक स्थानों पर अनुचित गतिविधियों में संलिप्त शोहदों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई।

गाजीपुर पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना और उन्हें निर्भीक होकर सार्वजनिक स्थानों पर आवागमन के लिए प्रोत्साहित करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और मिशन शक्ति अभियान के तहत सुरक्षा एवं जागरूकता गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी।