गाजीपुर। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले मेधावी, प्रतिभावान और नियमित विद्यार्थियों की उपलब्धियों को अब सम्मान की पहचान मिलेगी। महा निदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में पीएम श्री विद्यालयों को छोड़कर सभी परिषदीय विद्यालयों में वार्षिकोत्सव के तहत पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन 15 फरवरी 2027 से 15 मार्च 2027 के बीच होगा।

इस समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है। साथ ही उत्कृष्ट विद्यार्थियों के अभिभावकों और विद्यालय प्रबंध समिति के सक्रिय सदस्यों को भी सम्मानित कर विद्यालय एवं समुदाय के बीच सहभागिता को मजबूत किया जाएगा।

समारोह में प्रत्येक कक्षा से विगत परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एक-एक छात्र या छात्रा को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक कक्षा से सर्वाधिक उपस्थिति वाले एक-एक विद्यार्थी को भी पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

इतना ही नहीं, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के एक-एक अभिभावक तथा सर्वाधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के एक अभिभावक को भी सम्मानित किया जाएगा।

विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) के उन सक्रिय सदस्यों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने नियमित रूप से बैठकों में प्रतिभाग करने के साथ विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण सहयोग दिया है। इससे विद्यालय के विकास में समुदाय की भागीदारी को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

समारोह में शामिल सभी छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाने के लिए यथासंभव टॉफी, चॉकलेट और स्टेशनरी सामग्री का वितरण भी किया जाएगा। पुरस्कारों के लिए विद्यालय स्तर पर लंच बॉक्स, पानी की बोतल, ट्रॉफी, ड्रॉइंग नोटबुक, कैनवास एवं वाटर कलर, ज्योमैट्रिक बॉक्स, पेंसिल बॉक्स, पेन, कहानी की पुस्तक तथा महान विभूतियों के जीवन चरित्र पर आधारित पुस्तकें आदि सामग्री क्रय की जा सकेगी।

अभिभावकों के सम्मान के लिए शॉल, मोमेंटो और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हरित पौधे भी दिए जा सकते हैं।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों और समस्त अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। आमंत्रण के लिए कार्यक्रम से दो दिन पूर्व व्यक्तिगत रूप से तथा बच्चों द्वारा तैयार किए गए निमंत्रण कार्ड के माध्यम से अभिभावकों एवं संबंधित लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।

बीएसए ने दिए प्रभावी आयोजन के निर्देश

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गाजीपुर उपासना रानी वर्मा ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया है कि शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुरस्कार वितरण समारोह का गरिमापूर्ण, प्रभावी और उत्साहपूर्ण आयोजन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अधिक से अधिक अभिभावकों एवं समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।

खास बात यह है कि यह आयोजन केवल पुरस्कार बांटने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बच्चों की प्रतिभा को पहचान देने, अभिभावकों को विद्यालय से जोड़ने और समुदाय की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।