गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया

गाजीपुर। पोषण अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत जनपद के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, बच्चों का अन्नप्राशन तथा हेल्दी बेबी प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

इसी क्रम में माननीय पूर्व विधायक जमानियां श्रीमती सुनीता सिंह जी द्वारा ग्राम सभा गरूआ मकसूदपुर एवं भागीरथपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया गया। इस दौरान चार गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई तथा दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं अभिभावकों को गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता तथा बच्चों के उचित पोषण के संबंध में जानकारी दी गई। वहीं ग्राम सभा फुली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र कंचनपुर में पोषण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा बच्चों को पोषण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के स्वास्थ्य, वृद्धि एवं विकास के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार को आवश्यक बताया गया।

इसी प्रकार ग्राम सभा करमहरी में महिला मोर्चा की सदस्य की सहभागिता से गोद भराई, अन्नप्राशन एवं हेल्दी बेबी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों के स्वास्थ्य, साफ-सफाई, पोषण एवं शारीरिक विकास से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर ध्यान दिया गया। उपस्थित महिलाओं को गर्भवती एवं धात्री माताओं के लिए पौष्टिक आहार तथा बच्चों को समयानुसार पूरक आहार देने के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बताया कि पोषण अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के साथ-साथ परिवारों में पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस अवसर पर महिलाओं एवं अभिभावकों से अपील की गई कि वे बच्चों के नियमित टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता एवं संतुलित आहार पर विशेष ध्यान दें।