गाजीपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) गाजीपुर एवं जहुराबाद में सत्र 2026 के प्रवेश को लेकर महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। प्रधानाचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गाजीपुर ने बताया कि राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, अलीगंज, लखनऊ के निर्देशानुसार प्रथम से तृतीय चरण में प्रवेश ले चुके ऐसे प्रशिक्षार्थी, जो किसी कारणवश अपना प्रवेश निरस्त कराना या नाम कटवाना चाहते हैं, उनके लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इच्छुक प्रशिक्षार्थियों को 27 सितंबर से 29 सितंबर 2026 तक एससीवीटी, उत्तर प्रदेश के पोर्टल पर उपलब्ध “राजकीय संस्थानों में प्रवेश पृथक (नाम काटने) हेतु” लिंक पर क्लिक कर लॉग-इन करना होगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नाम कटाने का कारण दर्ज करते हुए अपनी सहमति देनी होगी।
इसके साथ ही चतुर्थ चरण की प्रवेश प्रक्रिया भी निर्धारित कर दी गई है। अभ्यर्थी पूर्व की भांति संबंधित लिंक पर क्लिक कर अपनी पंजीकरण संख्या एवं जन्मतिथि दर्ज करेंगे। यदि अभ्यर्थी का उच्चीकरण हुआ है तो पोर्टल पर बुलावा पत्र प्रदर्शित होगा। अभ्यर्थी उसका प्रिंट प्राप्त कर 1 अक्टूबर से 3 अक्टूबर 2026 तक, अवकाश सहित, संबंधित संस्थान में उपस्थित होकर प्रवेश ले सकेंगे।
जारी सूचना के अनुसार नाम कटाने अथवा अन्य कारणों से रिक्त हुई सीटों के सापेक्ष तथा जिन अभ्यर्थियों ने किसी भी चरण में FLOT विकल्प पर सहमति दी है और अभी तक उनका उच्चीकरण नहीं हुआ है, उन्हें मेरिट एवं विकल्प के क्रम में उच्चीकरण का अवसर प्रदान किया जाएगा।
आईटीआई में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों का विशेष ध्यान रखते हुए समय से ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने और आवश्यक दस्तावेजों के साथ संस्थान में उपस्थित होने की अपील की गई है।

