गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खानपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक अभियुक्त को अवैध देशी तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि मठसौना नहर पुलिया के पास एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अवनीश पाण्डेय पुत्र स्व. रमाशंकर पाण्डेय, निवासी करमपुर, थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर, उम्र करीब 38 वर्ष के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना खानपुर में मु0अ0सं0 293/26, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी 16 सितंबर 2026 को मठसौना नहर पुलिया के पास की गई।
पुलिस के मुताबिक अभियुक्त के विरुद्ध खानपुर थाने में पूर्व के दो मुकदमे भी दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2024 के बीएनएस से संबंधित मामले शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह सिरोही, हस्बुल तलब रात्रि चीता मो. भुजेहुआ तथा कांस्टेबल धीरेन्द्र यादव और कांस्टेबल शुभम सिंह शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।


