गाजीपुर। जनपद के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभा दिखाने का अवसर सामने आया है। प्रदेश स्तरीय संघ समन्वय जूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन 03 से 05 अक्टूबर 2026 तक इटावा तथा जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता 04 से 09 अक्टूबर 2026 तक मऊ में किया जाएगा। इसके लिए गाजीपुर में जिला स्तरीय चयन/ट्रायल 21 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे से स्व. मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम, करमपुर, सैदपुर में आयोजित होगा।

इच्छुक खिलाड़ी 21 सितंबर को सुबह 9 बजे तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं। खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड की फोटोकॉपी लाना अनिवार्य होगा। चयन/ट्रायल में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

कुश्ती में चयनित खिलाड़ियों का मंडलीय ट्रायल 23 सितंबर को डॉ. सम्पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा, वाराणसी में तथा हॉकी में चयनित खिलाड़ियों का मंडलीय ट्रायल 23 सितंबर को डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल, लालपुर, वाराणसी मंडल में सुबह 9 बजे से होगा।

जूनियर बालक कुश्ती के लिए निर्धारित आयु एवं जन्मवर्ष की पात्रता के अनुसार खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल एवं ग्रीको रोमन वर्ग के विभिन्न भारवर्ग शामिल हैं। वहीं जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता में 01 जनवरी 2008 या उसके बाद जन्मी खिलाड़ी पात्र होंगी।

खेल विभाग ने इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर पहुंचकर चयन-ट्रायल में प्रतिभाग करने की अपील की है।