लंका मैदान में 28 सितम्बर तक चलेगा वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, मेडिकल कॉलेज में अमृत फार्मेसी, अत्याधुनिक सीटी स्कैन व चार मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का लोकार्पण

गाजीपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा काल पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को लंका मैदान, गाजीपुर में सेवा समर्पण अभियान के अंतर्गत वृहद स्वास्थ्य सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

शिविर में सेवा संकल्प स्वास्थ्य अभियान के तहत बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा केंद्र स्थापित किया गया, जहां विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आमजन को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों का पंजीकरण हुआ। यह स्वास्थ्य शिविर 26, 27 एवं 28 सितम्बर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ को स्वास्थ्य सेवा से जोड़ने का प्रयास

अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25 वर्षों तक राष्ट्र सेवा के लिए स्वयं को समर्पित किया है। उनके सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रत्येक व्यक्ति को सस्ती, सुलभ और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि अमृत फार्मेसी और सीटी स्कैन की सुविधा शुरू होने से गाजीपुर के लोगों को अब जांच और दवाओं के लिए वाराणसी अथवा लखनऊ जाने की आवश्यकता कम होगी।

मेडिकल कॉलेज को मिली स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात

इसके उपरांत उप मुख्यमंत्री महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने नवनिर्मित अमृत फार्मेसी, अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन तथा चार नए मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का फीता काटकर लोकार्पण किया।

इन सुविधाओं से मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए आने वाले गरीब एवं असहाय मरीजों को सस्ती दर पर दवाएं तथा कम खर्च में आधुनिक जांच की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। लोकार्पण के बाद उप मुख्यमंत्री ने अमृत फार्मेसी का निरीक्षण कर उपलब्ध दवाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने चारों मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटरों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का जायजा लिया।

मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच के एमबीबीएस छात्रों से की मुलाकात

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्रथम बैच के एमबीबीएस उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर संवाद किया। महाविद्यालय की ओर से संस्थान के विस्तार एवं चिकित्सा सुविधाओं के विकास से संबंधित विभिन्न प्रस्ताव भी उनके समक्ष प्रस्तुत किए गए।

मीडिया से वार्ता के दौरान उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि गाजीपुर मेडिकल कॉलेज बेहतर कार्य कर रहा है और आने वाले समय में भी निरंतर प्रगति करता रहेगा।

मेडिकल कॉलेज के विकास से जुड़े पांच प्रस्ताव शासन को भेजे गए

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य आनन्द मिश्रा द्वारा संस्थान के विकास एवं चिकित्सा सेवाओं के विस्तार से संबंधित पांच प्रमुख प्रस्ताव उप मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए गए। इनमें संबद्ध चिकित्सालय में आवश्यक चिकित्सा सुविधा की स्थापना, गोराबाजार स्थित 200 एवं 300 शैय्या वाले चिकित्सालयों को जोड़ने के लिए सीसी रोड एवं संपर्क मार्ग का निर्माण, मुख्य परिसर में एकेडमिक ब्लॉक, एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक एवं लेक्चर थियेटर को कवर्ड कॉरिडोर से जोड़ने, एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण तथा ट्रामा सेंटर के संचालन से संबंधित कार्य शामिल रहे।

उप मुख्यमंत्री ने प्रस्तावों को शासन स्तर से स्वीकृति की प्रक्रिया के लिए भेजने की सहमति प्रदान की, जिससे मेडिकल कॉलेज के आगामी विस्तार और चिकित्सा सुविधाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, समाजसेवी अभिनव सिन्हा, महिला मोर्चा अध्यक्ष सरोज कुशवाहा सहित जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।