गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत जनपद गाजीपुर में पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
मिशन शक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमण किया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित महिला सुरक्षा संबंधी योजनाओं, हेल्पलाइन नंबरों तथा आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या अथवा असुरक्षा की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
वहीं, अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों द्वारा संवेदनशील स्थानों पर विशेष भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। सार्वजनिक स्थलों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए शोहदों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना तथा उनमें सुरक्षा के प्रति विश्वास बढ़ाना है। अभियान के दौरान पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

