गाजीपुर। महिला कल्याण एवं जन उत्थान फाउण्डेशन के बैनर तले गाजीपुर में ‘महिला कल्याण व जागरूकता सम्मेलन-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में महिलाओं के अधिकार, स्वरोजगार, कानूनी सुरक्षा तथा समाज में उनकी प्रभावी भागीदारी को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक गाजीपुर तथा विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं नगर पालिका अध्यक्षा/अधिशासी प्रतिनिधि सरिता अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। फाउण्डेशन के पदाधिकारियों ने अतिथियों का अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और उनकी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए पुलिस पूरी तरह तत्पर है। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं से निडर होकर अपनी बात रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता लेने का आह्वान किया।
सम्मेलन के दौरान समाज, शिक्षा, सामाजिक सेवा एवं प्रशासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने महिला सम्मान, जागरूकता और आत्मनिर्भरता का प्रभावशाली संदेश दिया।

