गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के तहत जनपद गाजीपुर में पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के क्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त की। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर आमजन को जागरूक किया गया तथा उन्हें शासन द्वारा संचालित महिला सुरक्षा एवं सहायता संबंधी सेवाओं की जानकारी दी गई।

वहीं, अभियान के अंतर्गत सभी थाना क्षेत्रों में गठित एंटी रोमियो टीमों द्वारा संवेदनशील स्थानों, बाजारों एवं अन्य प्रमुख क्षेत्रों में भ्रमण एवं चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए शोहदों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की।

पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के साथ-साथ महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना और आत्मविश्वास को मजबूत करना है। मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत जनपद में जागरूकता एवं सुरक्षा संबंधी गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी।