गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने विनीत राय हत्याकांड में वांछित चल रहे एक लाख रुपये के इनामी अभियुक्त जगदीश सिंह यादव उर्फ सोनू यादव को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को अंधऊ हवाई पट्टी के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी थाना कोतवाली में दर्ज मु0अ0सं0 0365/2026, धारा 103(1), 191(2), 3(5), 61(2) बीएनएस से संबंधित मामले में वांछित था। यह मुकदमा 30 मई 2026 को बिन्दू होटल के मालिक के पुत्र विनीत राय की हत्या के संबंध में दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

अभियुक्त की पहचान जगदीश सिंह यादव उर्फ सोनू यादव (25 वर्ष) पुत्र केशव यादव, निवासी कोठिया कोडरताल, थाना करीमुद्दीनपुर, गाजीपुर, हालपता कालिधाम कॉलोनी, गौसाबाद, थाना कोतवाली, गाजीपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली थाने में आबकारी, आयुध अधिनियम, मारपीट, जानलेवा हमले और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, उपनिरीक्षक शिवाकांत मिश्रा समेत थाना कोतवाली पुलिस टीम शामिल रही।