गाजीपुर।
सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए रविवार को जनपद के हाईवे पर यातायात पुलिस एवं एआरटीओ की संयुक्त टीम ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र, एआरटीओ गाजीपुर, क्षेत्राधिकारी यातायात एवं यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीमों ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की।

अभियान के दौरान विशेष रूप से ओवर स्पीड और प्रेशर हॉर्न वाले वाहनों को निशाने पर लिया गया। तेज गति से वाहन चलाने वाले 109 वाहनों के चालान किए गए, जबकि नॉइस पॉल्यूशन के 14 और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वाले 17 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

सघन चेकिंग अभियान में कुल 345 वाहनों का चालान करते हुए लगभग 7 लाख 24 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस एवं परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से हाईवे पर यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप रहा।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा। यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, मानक नंबर प्लेट लगाने और प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न करने की अपील की है।