गाजीपुर। माननीय उच्च न्यायालय एवं किशोर न्याय समिति, इलाहाबाद के निर्देशों के अनुपालन में मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव नीरज गोंड ने राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी गाजीपुर एवं राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) गाजीपुर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों संस्थानों में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित पाए गए। राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी में आवासित किशोरों की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया गया, जिसमें दर्ज विवरण के अनुसार किशोर उपस्थित मिले।
सचिव नीरज गोंड ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किशोरों को मीनू के अनुसार पौष्टिक भोजन, स्वच्छ वातावरण, निर्धारित कपड़े तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने किशोरों को प्रतिदिन शारीरिक गतिविधियों में शामिल कराने तथा उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान देने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान किसी भी बालक द्वारा किसी प्रकार के उत्पीड़न अथवा परेशानी की शिकायत अथवा उल्लेख नहीं किया गया।
निरीक्षण के माध्यम से अधिकारियों ने किशोरों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और समुचित देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

