गाजीपुर।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का कार्यक्रम भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कर दिया गया है। खंड स्नातक से निर्वाचित सदस्य आशुतोष सिन्हा तथा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य लाल बिहारी यादव का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त होने के कारण रिक्त होने वाली सीटों को भरने के लिए निर्वाचन कराया जाएगा।

जिलाधिकारी/सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, वाराणसी खंड स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र ने बताया कि निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। मतदान का समय प्रातः 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक रहेगा। वहीं 27 अक्टूबर 2026 को मतगणना होगी तथा 31 अक्टूबर 2026 तक निर्वाचन प्रक्रिया पूरी करा ली जाएगी।

निर्वाचन कार्यक्रम जारी होने के साथ ही वाराणसी स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शामिल सभी जनपदों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।