गाजीपुर।
किसानों की आय बढ़ाने और श्रीअन्न (मिलेट्स) की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के न्यूट्रीसीरियल घटक के तहत किसानों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के तहत 50-50 किसानों को दो बसों से बिहार के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस वैल्यू चेन, मायापुर, गया, कृषि विज्ञान केंद्र मानपुर, गया एवं कृषि विज्ञान केंद्र बक्सर के भ्रमण के लिए रवाना किया गया। भूमि संरक्षण अधिकारी गाजीपुर श्रीमती निरूपमा सिंह ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।

भ्रमण के दौरान किसानों को मिलेट्स यानी श्रीअन्न की विभिन्न फसलों, उनकी उन्नत खेती, प्रसंस्करण और उपयोग के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। साथ ही श्रीअन्न से तैयार होने वाले विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों को बनाने की विधियां भी प्रदर्शित की जाएंगी।

किसानों को ज्वार, बाजरा, सांवा, कोदो और रागी जैसी मिलेट्स फसलों की खेती के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके साथ ही श्रीअन्न से विभिन्न उत्पाद तैयार कर उनकी मार्केटिंग और मूल्य संवर्धन के माध्यम से किसानों की आमदनी बढ़ाने के उपायों की जानकारी भी दी जाएगी।

कृषि विभाग का यह प्रयास किसानों को पारंपरिक खेती के साथ पोषणयुक्त फसलों की खेती, प्रसंस्करण और बाजार से जोड़कर आय के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।