गाजीपुर। राजकीय बालिका इण्टर कालेज गाजीपुर में जिला विद्यालय निरीक्षक के आदेशानुसार जनपद स्तरीय बालक/बालिका ब्रास बैंड प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता जिला विद्यालय निरीक्षक गाजीपुर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। निर्णायक मंडल में राजकीय महिला महाविद्यालय गाजीपुर के डॉ. शिव कुमार (असिस्टेंट प्रोफेसर), दिनेश यादव निरीक्षक गाजीपुर तथा आकाश कुमार सिंह (जिला क्रीड़ा सचिव) शामिल रहे। निर्णायकों ने टीमों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर विजेता प्रतिभागियों का चयन किया।
बालक संवर्ग में एम.ए.एच. इण्टर कालेज गाजीपुर ने प्रथम स्थान हासिल किया। सनबीम स्कूल, महाराजगंज द्वितीय तथा डी.ए.वी. इण्टर कालेज गाजीपुर तृतीय स्थान पर रहा।
वहीं बालिका संवर्ग में राजकीय बालिका इण्टर कालेज गाजीपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लार्ड्स कान्वेंट बालिका इण्टर कालेज गाजीपुर द्वितीय तथा एम.ए.एच. इण्टर कालेज गाजीपुर तृतीय स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीमों को मेडल एवं सम्मान प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन ने विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और सांस्कृतिक प्रतिभा को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

