गाजीपुर। जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक कर जनपद की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को स्पष्ट और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जर्जर एवं लटकते विद्युत तारों को तत्काल बदलने तथा क्षमता वृद्धि वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता, क्षमता वृद्धि, रिक्वायरमेंट, आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण, विद्युत लाइनों के मेंटेनेंस, स्कूलों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग, बिजनेस प्लान एवं प्रस्तावित टेंडरों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
डीएम ने स्कूलों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग को प्राथमिकता पर पूरा कराने तथा रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। लंबित आईजीआरएस प्रकरणों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारी आमजन के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाएं और प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय में प्रभावी समाधान कराएं। बैठक में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, समस्त अवर अभियंता तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एसडीओ एवं जेई जुड़े रहे।

