गाजीपुर, 14 सितंबर। राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, अलीगंज, लखनऊ द्वारा प्रदेश के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में सत्र 2026 के द्वितीय चरण का चयन परिणाम घोषित कर दिया गया है। चयनित अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया 12 सितंबर से 17 सितंबर 2026 तक, अवकाश सहित निर्धारित की गई है।

प्रधानाचार्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गाजीपुर ने बताया कि द्वितीय चरण में चयनित अभ्यर्थी प्रवेश संबंधी जानकारी www.scvtup.in पर प्राप्त कर सकते हैं। अभ्यर्थी वेबसाइट पर अपना पंजीकरण संख्या एवं जन्मतिथि दर्ज कर चयन परिणाम एवं बुलावा पत्र का प्रिंट प्राप्त करें।

प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाण पत्र, अंकपत्रों की प्रतियां एवं उनकी स्वप्रमाणित प्रतियां तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो लेकर संबंधित संस्थान में उपस्थित होना होगा।

उन्होंने बताया कि राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, जहरूआबाद, तहसील कासिमाबाद में प्रवेश लेने वाले चयनित अभ्यर्थी अपना प्रवेश राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, तुलसीपुर, गाजीपुर में उपस्थित होकर ले सकते हैं।

चयनित अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि निर्धारित तिथि के भीतर आवश्यक अभिलेखों के साथ संस्थान पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर लें।