निपुण लक्ष्य, ICT, TLM और खेल सामग्री के प्रभावी उपयोग पर होगा मंथन

गाजीपुर। जनपद के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों की शिक्षक संकुल बैठक 15 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। बैठक का आयोजन अपराह्न 1:30 बजे से 3:00 बजे तक किया जाएगा। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस बैठक में शिक्षकों के बीच शैक्षिक नवाचारों और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों को लेकर अनुभव साझा किए जाएंगे।

बैठक में हाउस पॉइंट कार्ड (HPC), निपुण लक्ष्य, आईईसी शिक्षण सामग्री के कक्षा शिक्षण में उपयोग, TLM की आवश्यकता एवं प्रदर्शन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही बालवाटिका की शैक्षिक गतिविधियों तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों में ICT एवं स्मार्ट क्लास के प्रभावी उपयोग पर भी मंथन किया जाएगा।

इसके अलावा विद्यालयों में उपलब्ध खेल सामग्री एवं स्पोर्ट्स ग्रांट के बेहतर उपयोग पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों की खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी, खेल प्रतिभाओं की पहचान और खेल सामग्री के प्रभावी इस्तेमाल को लेकर शिक्षकों को प्रेरित किया जाएगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने खंड शिक्षा अधिकारियों को शिक्षक संकुल बैठकों के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने तथा बैठक के बाद संबंधित सूचना प्रेरणा ऐप पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। बैठक का उद्देश्य शिक्षकों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान कर नवाचारों को बढ़ावा देना और विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण को और प्रभावी बनाना है।