गाजीपुर। जनभागीदारी के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में अभियान के सफल संचालन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के साथ ही नागरिकों को विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ा जाएगा।

अभियान के तहत प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर, विश्वकर्मा जयंती पर टूल वितरण सहित विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रमुख विकास परियोजनाओं, शिक्षण संस्थानों, पंचायत सचिवालयों और अन्नपूर्णा भवनों सहित विभिन्न स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा।

विद्यालयों में ड्राइंग व भाषण प्रतियोगिताएं, आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन सेवा, उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और लाभार्थी माताओं का सम्मान भी किया जाएगा। इसके अलावा सेवा ज्योति कलश यात्रा, विकसित भारत संकल्प कार्यक्रम, विकास खंडों में सेवा शिविर, स्वास्थ्य मेले, मानव श्रृंखला और रंगोली जैसी गतिविधियों के माध्यम से व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक गतिविधि के फोटो और वीडियो समय से पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वेद सिंह चौहान, जिला विकास अधिकारी राजन राय, परियोजना निदेशक सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।