गाजीपुर। थाना कोतवाली पुलिस ने मारपीट एवं चाकू से हमला करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो खूनालूद चाकू और दो डंडे भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को वादी अपने भाई सनी बिंद एवं अन्य साथियों के साथ कार से घर जा रहा था। मालगोदाम के पास रास्ते में साइकिल खड़ी कर बातचीत कर रहे विपक्षीगण से रास्ता हटाने को कहा गया। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने डंडा, रॉड और चाकू से अचानक हमला कर दिया। हमले में सनी बिंद के पेट में चाकू लगा, जबकि वादी और उसके अन्य साथियों के साथ भी मारपीट की गई।
मामले में थाना कोतवाली पर मु0अ0सं0 673/2026, धारा 191(2), 115(2), 352 व 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के क्रम में 12 सितंबर 2026 को उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह और उपनिरीक्षक अभिनव कुमार गुप्ता की टीम ने मुखबिर की सूचना पर गाजीपुर रेलवे स्टेशन के पूर्वी दिशा स्थित आउटर के पास से चारों वांछित अभियुक्तों उअर्जुन, सोनू, मनसुख उर्फ मनसोख और लोहा को गिरफ्तार किया।पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

