गाजीपुर। महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत गुरुवार को जनपद गाजीपुर में पुलिस ने व्यापक जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के क्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त की गई। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर आमजन को जागरूक किया गया तथा उन्हें शासन द्वारा संचालित महिला सुरक्षा संबंधी योजनाओं और हेल्पलाइन के प्रति जानकारी देने का प्रयास किया गया।
वहीं, एंटी रोमियो टीमों द्वारा भी जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को परेशान करने वाले शोहदों पर पुलिस की नजर रही और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना है। मिशन शक्ति के तहत पुलिस द्वारा सुरक्षा के साथ-साथ जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

