गाजीपुर। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो)द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत गुरुवार को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
महर्षि विश्वामित्र स्वशासी मेडिकल कॉलेज, गाजीपुर के रक्त कोष विभाग में आयोजित शिविर का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष विश्व प्रकाश अकेला ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय एवं वरिष्ठ भाजपा युवा नेता अभिनव सिन्हा व मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो डा आनन्द मिश्रा की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर ओमप्रकाश राय ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का ऐसा पुनीत कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में प्रत्यक्ष योगदान दिया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा और सामाजिक सरोकार से जोड़कर मनाने का यह प्रयास युवाओं में सेवा-भावना को और मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ एवं सक्षम व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
वरिष्ठ भाजपा युवा नेता अभिनव सिन्हा ने कहा कि युवा शक्ति समाज की सबसे बड़ी ऊर्जा है। रक्तदान के लिए युवाओं का बढ़-चढ़कर आगे आना सामाजिक संवेदनशीलता और राष्ट्रसेवा की भावना का परिचायक है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवन की नई आशा बन सकता है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सेवा और सहयोग पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
विश्व प्रकाश अकेला ने इस अवसर पर धन्यवाद आभार व्यक्त किया।
इस दौरान भाजयुमो महामंत्री अविनाश सिंह, शशांक राय एवं मनोज सिंह समेत पार्टी एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रक्तदान शिविर में भाजयुमो जिला महामंत्री विवेकानंद राय, हर्षित सिंह, ऋषभ राय, आशुतोष राय, धर्मेंद्र पांडेय, गौरव श्रीवास्तव, सीएमओ डा रामकुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा के एन चौधरी,डा मनोज कुमार,डा के के,सहित रक्त कोष विभाग के साकेत सिंह, बृजेश शर्मा,सोनू यादव व रेनू आदि अन्य ने उपस्थित रहकर सक्रिय सहयोग किया तथा युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने रक्तदान को जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए स्वस्थ लोगों से नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।

