गाजीपुर। जिले में क्षतिग्रस्त नहर पुलियाओं और उनकी रेलिंग को लेकर जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर अधिशासी अभियंता, देवकली पम्प नहर खण्ड द्वितीय ने क्षतिग्रस्त पुलियाओं की स्थिति और उनके मरम्मत कार्य को लेकर जानकारी दी है।

लुढीपुर मसोने के पास देवकली मुख्य नहर की पुलिया का एक पिलर करीब एक वर्ष से क्षतिग्रस्त बताया जा रहा है। विभाग के अनुसार देवकली मुख्य नहर के किमी 3.550 पर स्थित पुलिया की रेलिंग का मरम्मत कार्य वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद वार्षिक अनुरक्षण मद से कराया जाएगा।

वहीं वीरबलपुर-कहोतरी चट्टी मार्ग पर मदनपुर गांव के सामने राजापुर रजवाहा के किमी 6.850 पर बनी नहर पुलिया के दोनों हिस्सों की रेलिंग भी क्षतिग्रस्त है। विभाग ने बताया कि पुलिया के पैरापेट की मरम्मत पूर्व में 5 जनवरी 2026 को कराई गई थी, लेकिन ग्रामीण सड़क के लिए निर्मित इस पुलिया पर भारी वाहनों के आवागमन के कारण पैरापेट दोबारा क्षतिग्रस्त हो गया।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि मदनपुर के सामने क्षतिग्रस्त पुलिया के पैरापेट की मरम्मत भी वर्षा ऋतु के उपरान्त वार्षिक अनुरक्षण मद से कराई जाएगी।

बार-बार क्षति पर उठे सवाल

एक ओर विभाग मरम्मत का भरोसा दे रहा है, वहीं दूसरी ओर भारी वाहनों के आवागमन से पुलिया के बार-बार क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आने के बाद पुलिया की सुरक्षा और भारी वाहनों के आवागमन पर नियंत्रण को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि बारिश समाप्त होने के बाद मरम्मत कार्य कितनी तेजी से पूरा होता है और स्थानीय लोगों को कब राहत मिलती है।