गाजीपुर।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं, विकास कार्यों एवं सीएम डैशबोर्ड पर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति तेज करने और निर्धारित समय पर पोर्टल पर सूचनाएं अपलोड करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभागीय लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करते हुए प्रगति रिपोर्ट पोर्टल पर समय से अपलोड करें। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत सहायकों के माध्यम से अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों तथा राशन कार्ड धारकों की फैमिली आईडी बनाना सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी स्तर की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

बैठक में विद्युत, पशुपालन, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, जल जीवन मिशन, पर्यटन, लोक निर्माण विभाग, पंचायती राज, शादी अनुदान, निराश्रित गोवंश संरक्षण, पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, कन्या विवाह सहायता राशि तथा श्रम एवं सेवायोजन सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई।

इसके बाद जिलाधिकारी ने 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा में पूर्ण की जाएं। आवश्यकता के अनुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य की गति तेज करने को भी कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की लाभकारी योजनाओं से वंचित न रहने पाए। उन्होंने अधिकारियों को विभागीय विकास योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित निगरानी करते हुए समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।