गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जमानिया पुलिस, थाना जमानिया की द्वितीय मोबाइल टीम और स्वाट टीम बी को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी संख्या में अवैध असलहे, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 23 सितंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक जमानिया योगेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक मनोज मिश्र तथा स्वाट टीम बी प्रभारी शिवमणि त्रिपाठी की टीम संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिया के समीप सिंचाई विभाग के परित्यक्त कमरे में दबिश दी गई, जहां से पन्ना लाल बिन्द (40), मनोज कुमार राय उर्फ चम्पी राय (52) और सोनू बिन्द (26) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने मौके से .315 बोर के 9 चालू देशी तमंचे, .315 बोर के 3 अर्द्धनिर्मित तमंचे, .12 बोर का अर्द्धनिर्मित तमंचा, .32 बोर का अर्द्धनिर्मित रिवाल्वर, पांच जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा अर्द्धनिर्मित पिस्टल बॉडी, तमंचे की बॉडी-बट, विभिन्न नाल, ट्रिगर गार्ड एवं हैमर सहित भारी मात्रा में असलहा बनाने के उपकरण भी बरामद हुए। एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में सोनू बिन्द के विरुद्ध गाजीपुर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पन्ना लाल बिन्द के विरुद्ध भी हत्या, एनडीपीएस और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
मामले में थाना जमानिया पर मु0अ0सं0 320/2026, धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक मनोज मिश्र तथा स्वाट टीम बी प्रभारी शिवमणि त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।


