गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर एवं जिला प्रशासन, गाजीपुर के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आज दिनांक 23/09/2026 जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद एवं गृह विज्ञान विभाग प्रभारी डॉ. नेहा कुमारी के निर्देशन में किया गया।

इस अवसर पर गृह विज्ञान विभाग की दस छात्राओं की टीम द्वारा विकासखंड करंडा के विभिन्न स्थानों—ग्राम पंचायत क्षेत्र, सौरभ रामलीला मंच, चोचकपुर रामलीला मंच एवं गोसंदपुर महादेव मंदिर के समीप—नुक्कड़ नाटक का सफल मंचन किया गया।

             नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्राओं ने आमजन को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, महिला एवं बाल कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे और छात्राओं की प्रस्तुति को उत्साहपूर्वक देखा।

प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने छात्राओं के प्रयास की सराहना की तथा कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनसेवा की भावना विकसित करने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में प्रभावी भूमिका निभाते हैं। डॉ. नेहा कुमारी ने भी छात्राओं के सक्रिय योगदान की प्रशंसा की।

कार्यक्रम के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से जनसामान्य तक पहुंचाया गया।