तोरिया की बुवाई का सही समय, किसान तत्काल उठाएं लाभ
गाजीपुर। रबी फसलों की तैयारियों के बीच जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने किसानों को महत्वपूर्ण सलाह दी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय तोरिया की बुवाई के लिए बेहद उपयुक्त है। खेत जुताई योग्य होते ही किसान जुताई कर तोरिया की अविलंब बुवाई करें। यह फसल करीब 90 से 95 दिनों में पककर तैयार हो जाती है और कैश क्रॉप के रूप में किसानों को बेहतर मुनाफा दे सकती है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि तोरिया बीज प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से बुकिंग प्रक्रिया जारी है। चयनित किसान अपने विकासखंड स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार से संपर्क कर रबी फसलों के बीजों की बुकिंग एवं प्राप्ति कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि चना, मटर और मसूर के निःशुल्क बीज मिनीकिट तथा 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज वितरण के लिए सामान्य बिक्री की बुकिंग भी चल रही है। इच्छुक किसान कृषि विभाग के पोर्टल agriculture.up.gov.in पर बुकिंग कर योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। इससे समय से बुवाई के साथ बेहतर उत्पादन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

