गाजीपुर। जिले के 32 पीएम श्री परिषदीय विद्यालयों में अब पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को नई रफ्तार मिलेगी। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में Green School Component के तहत ‘Activity Promoting Green School’ के लिए बजट स्वीकृत किया गया है। इसका उद्देश्य विद्यालयों में हरित वातावरण, स्वच्छता, जल संरक्षण के साथ ही बच्चों में पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

जिले के 32 पीएम श्री विद्यालयों में 09 विद्यालयों में 200 से कम नामांकन है, जिन्हें ₹5,000 प्रति विद्यालय तथा 23 विद्यालयों में 200 से अधिक नामांकन होने पर ₹10,000 प्रति विद्यालय की धनराशि उपलब्ध कराई गई है।

 बच्चे बनेंगे पर्यावरण संरक्षण के प्रहरी

योजना के तहत विद्यालय प्रबंध समिति के माध्यम से गतिविधियों का चयन, अनुमोदन और क्रियान्वयन किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों, ईको क्लब, बाल संसद तथा Green Monitor की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

विद्यालय परिसर में उपलब्ध स्थान के अनुसार पौधरोपण, गमलों में पौधे, ग्रो बैग, वेस्ट प्लास्टिक बोतलों से बॉटल गार्डन, वर्टिकल गार्डन सहित कम लागत वाली पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे बच्चों को ‘करके सीखने’ के माध्यम से प्रकृति और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाया जाएगा।

 धनराशि के उपयोग में पारदर्शिता पर जोर

स्वीकृत धनराशि का उपयोग केवल निर्धारित ग्रीन स्कूल गतिविधियों के लिए किया जाएगा। विद्यालयों को बिल-वाउचर, समिति की कार्यवाही, गतिविधियों के पूर्व एवं पश्चात के फोटो तथा बच्चों की सहभागिता के प्रमाण सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। गतिविधियों की प्रगति रिपोर्ट भी निर्धारित माध्यम से अपलोड की जाएगी।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने निर्देश दिया कि खंड शिक्षा अधिकारी एवं जिला समन्वयक निर्माण विद्यालयों को आवश्यक हैंड-होल्डिंग सपोर्ट उपलब्ध कराएं और गतिविधियों का प्रभावी व समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

यह पहल पीएम श्री विद्यालयों को केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि स्वच्छता, हरियाली और पर्यावरणीय चेतना की जीवंत प्रयोगशाला बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।