समस्याओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का भरोसा, संबंधित अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
गाजीपुर। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिला प्रशासन गंभीर नजर आया। बुधवार को आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वेद सिंह चौहान एवं सदर उपजिलाधिकारी विनोद जोशी ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं।
जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने प्रत्येक फरियादी की बात को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित प्रकरणों की जानकारी ली और नियमानुसार उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का भरोसा दिलाया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि जनता की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए पात्र लोगों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए हैं। खबर लिखे जाते वक्त जनसुनवाई जारी थी।


